मध्य प्रदेश: डिंडोरी में मंगलवार सुबह बस स्टैंड क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक रानी अवंती बाई की प्रतिमा पर चढ़ गया. उसके हाथ में तलवार थी और वह उससे खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने लगा. यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग जमा हो गए. सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, प्रतिमा पर चढ़ने वाले युवक की पहचान मझियाखार निवासी नंदलाल बनवासी के रूप में हुई है. उसकी उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है. युवक ने प्रतिमा में लगी तलवार निकालकर खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश की. हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उससे बातचीत की और उसे शांत कर नीचे उतारा.युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले उसका बस में विवाद हुआ था. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय उसकी मानसिक स्थिति कैसी थी.

भोपाल से लौटते समय बस में हुआ था विवाद

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे के अनुसार, युवक भोपाल से लौट रहा था. इसी दौरान बस में उसका विवाद हो गया. उसे आशंका हुई कि उसके साथ मारपीट की जा सकती है. इसी डर के चलते उसने प्रतिमा पर चढ़कर खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की.पुलिस ने युवक को समझाकर नीचे उतारा और अस्पताल में भर्ती कराया. उसकी स्थिति और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है. इसके बाद उससे थाने में पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके.

युवक ने कही यह बात

युवक के अनुसार, बस का ड्राइवर उसके साथ मारपीट करने के लिए तैयार था. उसे लगा कि आगे उसके साथ कुछ गलत हो सकता है. उसने बताया कि पहले पुलिस के पास जाने का विचार आया, लेकिन उसने अपने माता-पिता को फोन कर यह भी कहा कि वे उसे मरने से पहले देख लें.फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद किस बात पर हुआ और युवक ने प्रतिमा पर चढ़कर ऐसा कदम क्यों उठाया.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!