
राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में जादू-टोने के शक में मां और बेटे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर कमला सोनकर और उनके बेटे खुमेन्द्र सोनकर की जान ले ली, जबकि उनकी बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मामले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को शक था कि कमला सोनकर जादू-टोना करती हैं और इसी वजह से परिवार के सदस्य बीमार पड़ रहे हैं। इसी अंधविश्वास और पारिवारिक विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।
घर में घुसकर मां-बेटे पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, चौथना गांव निवासी कमला सोनकर का परिवार सब्जी बेचकर गुजर-बसर करता था। शुक्रवार, 9 अक्टूबर की रात आरोपियों ने घर में घुसकर कमला सोनकर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद उनके बेटे खुमेन्द्र सोनकर (21) को भी निशाना बनाया गया। हमले में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के समय कमला के पति सुखी सोनकर घर पर मौजूद नहीं थे। घर लौटने पर उन्होंने पत्नी और बेटे को मृत अवस्था में देखा, जबकि बेटी गंभीर हालत में पड़ी मिली। इस घटना से परिवार और गांव में हड़कंप मच गया।
गंभीर हालत में बेटी रायपुर रेफर
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ममता सोनकर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया।
सबूत मिटाने की भी कोशिश
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान जादू-टोने के शक और पारिवारिक विवाद की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपियों ने घटना के समय पहने गए कपड़ों और हथियार के लकड़ी के बेंट को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की थी।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की कुल्हाड़ी और बाइक भी बरामद की है।
पूछताछ में दो अन्य आरोपियों के नाम आए सामने
पुलिस ने संदेह के आधार पर हेमंत कुमार सोनकर (36) की तलाश शुरू की। उसे 12 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर सोनू सोनकर (34) और उसकी मां केशर सोनकर (55) की भूमिका भी सामने आई।इसके बाद पुलिस ने हेमंत कुमार सोनकर, सोनू सोनकर और केशर सोनकर को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




















