
सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। किस्टाराम थाना क्षेत्र के पालाचलमा गांव के पहाड़ी-जंगल इलाके में तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद किया गया है। सुरक्षा बलों ने मौके से 13 हथियार, 46 जिंदा कारतूस और 208 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर समेत कई अन्य सामान जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने 12 अक्टूबर को पालाचलमा के दुर्गम जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम को नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखा गया डम्प मिला। इसके बाद सुरक्षा बलों ने हथियारों, गोला-बारूद और अन्य सामग्री को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
13 हथियारों में रायफल, बीजीएल लॉन्चर और देशी कट्टा शामिल
पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों में दो .303 रायफल, एक सिंगल शॉट हथियार, चार बीजीएल लॉन्चर, तीन बारह बोर रायफल, दो भरमार बंदूकें और एक देशी कट्टा शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न हथियारों के खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं।गोला-बारूद में इंसास मैगजीन के 26 जिंदा राउंड और बारह बोर के 20 जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा तलाशी के दौरान 208 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, एक तीर बम और दो बगल सेल भी मिले हैं।
वायरलेस सेट और अन्य सामग्री भी जब्त
हथियारों और विस्फोटक सामग्री के साथ सुरक्षा बलों ने एक वायरलेस सेट, दो चार्जर और एक मैगजीन पाउच भी बरामद किया है। पुलिस ने सभी जब्त सामग्रियों को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नक्सल विरोधी अभियान जारी
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में जिले के दुर्गम जंगलों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का पता लगाना है।
सुकमा पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल मजबूत बनाए रखने के लिए नक्सल विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेंगे। सुरक्षा बल दुर्गम इलाकों में लगातार सर्चिंग कर रहे हैं, ताकि नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।




















