
अंबिकापुर: सरगुजा जिले में गांधीनगर थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान सुशील शांडिल्य (26 वर्ष), निवासी धंधापुर रेवतपुर, थाना राजपुर, वर्तमान निवासी नमनाकला पुरानी पानी टंकी के पास, गांधीनगर और अभिषेक सोनी (23 वर्ष), निवासी सुभाषनगर, अंबिका विद्या निकेतन स्कूल के पास, गांधीनगर के रूप में हुई है।
मामले की शुरुआत रोहित सिंह की शिकायत से हुई। रोहित सिंह, मूल निवासी कुंभीडांड, वाड्रफनगर और वर्तमान निवासी सिंह कॉलोनी, तुर्रापानी, अंबिकापुर ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता के नाम पर पंजीकृत स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 29 AG 3079 को 18 सितंबर 2026 की रात सिंह कॉलोनी परिसर में खड़ा किया गया था। अगले दिन मोटरसाइकिल गायब मिली।शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 594/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(बी) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुशील शांडिल्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने साथी अभिषेक सोनी के साथ मिलकर सिंह कॉलोनी से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।आरोपी ने बताया कि मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म होने के बाद दोनों ने उसे सुभाषनगर में छिपा दिया था और उसकी नंबर प्लेट निकालकर फेंक दी थी।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान सुशील ने सुभाषनगर में राधे निवास के पास से एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 DW 3084 चोरी कर छिपाकर रखने की जानकारी भी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले में अभिषेक सोनी को भी पकड़ा। पूछताछ में उसकी कथित संलिप्तता सामने आई।पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कर लीं। बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, सुशील शांडिल्य के विरुद्ध कोतवाली और गांधीनगर थानों में पहले से भी अपराध दर्ज हैं।दोनों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की गई।
इस पूरी कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, प्रधान आरक्षक रुस्तम सोनवानी तथा आरक्षक राहुल सिंह और रमन मंडल सक्रिय रहे। पुलिस ने बताया कि वाहन चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी है।




















