रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके में शनिवार रात हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने 18 वर्षीय युवक गौरव सेन पर धारदार पेपर कटर से हमला कर दिया। हमले में उसकी जांघ की मुख्य नस कट गई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

स्वर्ण जयंती चौक के पास युवक को घेरकर किया हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक गौरव सेन अमलीडीह का निवासी था। शनिवार रात करीब 10:30 बजे वह किसी काम से घर से बाहर गया था। लौटते समय जब वह अमलीडीह के स्वर्ण जयंती चौक के पास पहुंचा, तो वहां मौजूद कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया।गौरव कुछ समझ पाता, उससे पहले ही हमलावरों ने पेपर कटर से उसकी जांघ पर लगातार कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर गिर पड़ा।

मुख्य नस कटने से अत्यधिक रक्तस्राव, मौके पर मौत

हमले के दौरान गौरव की जांघ की मुख्य नस कट गई, जिससे तेजी से खून बहने लगा। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर वहां से भाग निकले।सड़क पर युवक को खून से लथपथ पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

हत्या का मामला दर्ज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नही हो सकी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!