अंबिकापुर:  होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज अंबिकापुर में 10 अक्टूबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान के तहत स्नातक एवं स्नातकोत्तर की छात्राओं के लिए करियर गाइडेंस एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव प्रवीण अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

व्याख्यान के दौरान प्रवीण अग्रवाल ने छात्राओं से सहज और सरल भाषा में संवाद करते हुए उनकी रुचि, योग्यता और करियर संबंधी आकांक्षाओं को समझा। उन्होंने छात्राओं की रुचि के अनुरूप करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी। साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, आवश्यक रणनीति और भविष्य की संभावनाओं के बारे में उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि करियर निर्माण के लिए केवल नौकरी ही एकमात्र विकल्प नहीं है, बल्कि स्वरोजगार भी एक अच्छा अवसर हो सकता है। इसके लिए छात्राओं को सही दिशा में प्रयास करने, उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने तथा संबंधित संस्थानों से मार्गदर्शन और सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी गई।

करियर गाइडेंस के क्षेत्र में अपने दीर्घकालीन अनुभव के आधार पर प्रवीण अग्रवाल ने छात्राओं को भविष्य की संभावनाओं और करियर चयन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर चुनने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के समन्वयक के रूप में वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक सैयद साबिर अली ने अपनी भूमिका निभाई। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ शांता जोसेफ के संरक्षण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में छात्राओं एवं प्राध्यापकगण की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। इस व्याख्यान से छात्राओं को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और स्वरोजगार के अवसरों को समझने में उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!