
जशपुर: नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को देखते हुए जशपुर शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन और रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जशपुर पुलिस ने बसों और छोटे-बड़े वाहनों के लिए परिवर्तित मार्ग निर्धारित किए हैं। यह व्यवस्था 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के आदेशानुसार, पर्व के दौरान शहर में यातायात का दबाव कम करने, आवागमन सुचारु बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
इन मार्गों से चलेंगी बसें और गाड़ियां
1. गम्हरिया तिराहा/कुनकुरी की ओर जाने वाली बसें: बस स्टैंड से गिरांग तिराहा होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के रास्ते गम्हरिया तिराहा और कुनकुरी की ओर जाएंगी।
2. गम्हरिया तिराहा/कुनकुरी की ओर से आने वाली बसें: गम्हरिया तिराहा से एनएच मार्ग होते हुए गिरांग तिराहा के रास्ते बस स्टैंड पहुंचेंगी।
3. सन्ना रोड से आने-जाने वाली बसें: इन बसों का संचालन बिरसा मुंडा चौक, जैन मंदिर और बस स्टैंड होते हुए गिरांग तिराहा की ओर किया जाएगा।
4. सन्ना रोड से आने-जाने वाले छोटे-बड़े वाहन: इन वाहनों को बिरसा मुंडा चौक और जैन मंदिर होते हुए गिरांग तिराहा की ओर संचालित किया जाएगा।
बस संचालकों और वाहन चालकों से अपील
जशपुर पुलिस ने बस संचालकों, बस मालिकों, एजेंटों और वाहन चालकों से निर्धारित अवधि के दौरान परिवर्तित मार्गों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने और पुलिसकर्मियों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। निर्धारित मार्गों का उपयोग करें, सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।
जशपुर पुलिस के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शहर में यातायात को सुचारु बनाए रखना है। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है, ताकि नवरात्रि और विजयादशमी के सभी कार्यक्रम सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।




















