
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अफेयर के शक में प्रेमी द्वारा प्रेमिका पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना कुरुद थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, कोंडागांव निवासी अनीता मंडावी (22) कुरुद के भोथली रोड स्थित बालाजी राइस मिल में काम करती थी। कुरुद निवासी दुलेश्वर टंडन (24) भी इसी राइस मिल में काम करता था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।पुलिस के अनुसार, दुलेश्वर को शक था कि अनीता किसी दूसरे युवक से बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। 2 अक्टूबर की रात अनीता अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान दुलेश्वर उसके कमरे में पहुंचा और उस पर दूसरे युवक से बातचीत कर धोखा देने का आरोप लगाते हुए चाकू से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अनीता पर करीब पांच बार चाकू से वार किए। हमले में उसकी पीठ, कमर, हाथ और सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान अनीता की चीख-पुकार सुनकर पास के कमरे में मौजूद उसकी सहेलियां बाहर निकलीं। उन्होंने आरोपी को हाथ में चाकू लेकर कमरे से बाहर भागते हुए देखा।इसके बाद कमरे के अंदर अनीता खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। सहेलियों और आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई।
हत्या के प्रयास का मामला अब हत्या में बदलेगा
एडिशनल एसपी डीसी पटेल ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपी दुलेश्वर टंडन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उस समय उसके खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब अनीता की इलाज के दौरान मौत होने के बाद पुलिस मामले में हत्या की धारा जोड़ेगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




















