रायपुर: गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई सेंधमारी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुकान का शटर या ताला तोड़ने के बजाय पीछे की दीवार में सेंध लगाकर करीब 8 से 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए थे।

जानकारी के मुताबिक वारदातकर्मा चौक मेन रोड स्थित श्री लक्ष्मी विनायक एवं सोनम ज्वेलर्स में हुई। दुकान संचालक सुनील जैन सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा हुआ था और शोकेस में रखे कई जेवर गायब मिले। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।जांच के दौरान सामने आया कि चोर दुकान से करीब दो से ढाई तोला सोने और लगभग दो किलो चांदी के जेवर लेकर फरार हुए थे। दुकान के आसपास जांच करने पर पता चला कि बाजू में खाली प्लॉट है। पुलिस को आशंका हुई कि आरोपी इसी रास्ते से दुकान के पीछे पहुंचे और दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए।

CCTV फुटेज से मिली अहम जानकारी

पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक नकाबपोश युवक दुकान के अंदर चोरी करते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने आसपास के रास्तों, दुकानों और अन्य स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच शुरू की।लगातार मिले सुरागों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने वारदात के करीब तीन दिन के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से चोरी किए गए जेवर और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान के संबंध में पूछताछ की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है। पूरे मामले का विस्तृत खुलासा रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जल्द ही करेंगे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!