सूरजपुर: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की भाषायी क्षमता, रचनात्मक सोच एवं लेखन कौशल के विकास के लिए साप्ताहिक रचनात्मक लेखन गतिविधि आयोजित की गई। कलेक्टर  रेना जमील के मार्गदर्शन, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा एवं जिला मिशन समन्वयक  मनोज साहू के नेतृत्व में आयोजित इस गतिविधि में विद्यार्थियों ने समय का सदुपयोग विषय पर अपने विचार, अनुभव एवं कल्पनाएं प्रस्तुत कीं।

गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों को किसी निर्धारित प्रारूप या शब्द सीमा की बाध्यता के बिना अपनी भाषा एवं शैली में लिखने का अवसर दिया गया। बच्चों ने समय के महत्व, नियमित अध्ययन, खेलकूद, व्यायाम, परिवार के साथ समय बिताने तथा दैनिक कार्यों को समय पर पूरा करने जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किया।इस शैक्षणिक पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वतंत्र चिंतन, कल्पनाशक्ति तथा विचारों को क्रमबद्ध एवं स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करना है। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के लेखन का अवलोकन कर उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया। साथ ही नियमित लेखन से शब्द भंडार बढ़ाने और अभिव्यक्ति को बेहतर बनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।साप्ताहिक रचनात्मक लेखन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पाठ्यपुस्तकों के साथ अपने परिवेश एवं दैनिक अनुभवों से सीखने का अवसर दिया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस गतिविधि में विद्यार्थियों की पढ़ने-लिखने में रुचि बढ़ाने तथा समय के प्रति अनुशासन एवं जिम्मेदारी का भाव विकसित करने पर जोर दिया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!