
सूरजपुर: सूरजपुर जिले के ग्राम भवरखोह निवासी जेठू सिंह से 5 हजार रुपये लूटने के मामले में ओड़गी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बिना नंबर की मोपेड में गांव छोड़ने का झांसा देकर पीड़ित को जंगल में ले जाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शिनाख्ती के आधार पर आरोपी को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, जेठू सिंह 20 अगस्त 2026 को ओड़गी स्थित लोक सेवा केंद्र में रुपये निकालने गया था। रुपये निकालने के बाद वह बस स्टैंड में बारिश के कारण रुका हुआ था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बिना नंबर की मोपेड से उसे गांव छोड़ने की बात कहकर अपने साथ बैठा लिया।
आरोप है कि रास्ते में पालदनौली जंगल के पास आरोपी ने जबरन जेठू सिंह से 5 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना ओड़गी में अपराध क्रमांक 60/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूट के आरोपी के हुलिए से मिलता-जुलता एक व्यक्ति ओड़गी के साप्ताहिक बाजार में लोगों को अपने साथ सहायता करने के नाम पर बैठा रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम श्रीराम गुप्ता उर्फ लम्बू उर्फ सुजीत उर्फ करण पिता छोटेलाल, निवासी दर्रीपारा थाना भैयाथान, वर्तमान निवासी ग्राम मनियारी थाना बैढ़न, जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश बताया।पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज और शिनाख्ती कार्रवाई में आरोपी की पहचान लूट की वारदात में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने भी घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश के कई थानों में अपराध दर्ज हैं। इसके अलावा थाना बसंतपुर में उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी लंबित है। इसकी सूचना संबंधित थानों को दी गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी ओड़गी अलरिक लकड़ा, प्रधान आरक्षक रामाधीन श्यामले, मनोज वर्मा, आरक्षक निर्मल राजवाड़े और जगदीश की सक्रिय भूमिका रही।




















