
जशपुर: दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रित परिजनों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए जशपुर पुलिस ने दो परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा करते हुए दोनों आश्रितों की आरक्षक जीडी के पद पर नियुक्ति की गई।
स्वर्गीय आरक्षक जगलाल राम, आरक्षक क्रमांक 302, की पुलिस विभाग में भर्ती 25 अक्टूबर 2009 को हुई थी। उनके निधन के बाद परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक संबल देने के उद्देश्य से उनकी पत्नी प्रियंका भगत को आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई है।इसी तरह आरक्षक बलपंथ राम, आरक्षक क्रमांक 441, की पुलिस विभाग में भर्ती 4 अप्रैल 2007 को हुई थी। उनके निधन के बाद उनके पुत्र टीकेश रवि को आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई।जशपुर पुलिस के अनुसार, विभाग अपने कर्तव्यों के साथ पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण को भी प्राथमिकता देता है। दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति दिलाने की प्रक्रिया को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तेजी से पूरा किया गया।
इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन एक परिवार की तरह हैं। किसी सदस्य के असमय निधन से परिवार पर आने वाली कठिन परिस्थितियों में पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने नव-नियुक्त आरक्षकों को हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन का भरोसा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।




















