जशपुर: बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जुरगुम में मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार मोबाइल के बकाया 1,000 को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने कृष्णा उर्फ कैलाश यादव (30), निवासी झगरपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर 2026 को ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी जंगल क्षेत्र में रपटा पुलिया के पास टेकरी के पीछे एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना मिली थी। शव के सिर के पीछे चोट के निशान और खून दिखाई दे रहा था। मृतक की तत्काल पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें चिकित्सक ने मृत्यु को हत्यात्मक बताया।इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों, परिजनों और अन्य गवाहों से पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में मृतक की पहचान राजेश दास निवासी विमड़ा, थाना बगीचा के रूप में हुई। संदेह के आधार पर पुलिस ने कृष्णा उर्फ कैलाश यादव से पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राजेश दास से मोबाइल फोन के बकाया 1,000 को लेकर उसका विवाद चल रहा था। 23 सितंबर को दोनों लाल रंग की स्विफ्ट कार से जुरगुम रपटा पुलिया की ओर गए। वहां पैसे को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कृष्णा ने राजेश को कार से नीचे उतारकर जमीन पर पड़े लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो बार वार किया, जिससे वह गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने शव को टेकरी के पीछे फेंक दिया।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया। घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फाड़ा और मृतक का मोबाइल मैनी नदी में फेंक दिया गया, जबकि घटना के समय पहने कपड़ों को डोड़की नदी में फेंकने की बात सामने आई है। आरोपी ने अपनी लाल रंग की स्विफ्ट कार को भी धोकर संभावित साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कार उसके घर से बरामद कर ली है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई की है। हत्या के साथ साक्ष्य नष्ट करने की धारा भी जोड़ी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, सहायक उप निरीक्षक नरेश मिंज और थाना बगीचा पुलिस टीमकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!