राजगढ़:  मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया थाना क्षेत्र के सेमलापार गांव में मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार के घर चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसा और पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 80 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सूना था मकान, चोर ने तोड़ा ताला

पुलिस के मुताबिक राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार की पत्नी राजेश्वरी पंवार सेमलापार स्थित मकान में रहती हैं। गुरुवार शाम किसी काम से वह ब्यावरा चली गई थीं। रात के समय मकान में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने सुनसान मकान को निशाना बनाया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।चोर ने घर के अंदर रखी पेटी का भी ताला तोड़ा और उसमें रखे 80 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया। घटना का पता चलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

मंत्री के बेटे की शिकायत पर FIR

सुठालिया थाना प्रभारी अनिल राहोरिया के अनुसार, मामले में राज्य मंत्री के बेटे राजेंद्र पंवार की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरी की वारदात से जुड़े सुराग जुटा रही है।

निर्माणाधीन मकान में मजदूर भी रह रहे थे

पुलिस के अनुसार जिस मकान में चोरी हुई, वहां अभी निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य में लगे कुछ मजदूरों के वहां रहने की जानकारी भी सामने आई है। ऐसे में पुलिस मजदूरों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के समय उनकी मौजूदगी की जानकारी जुटाई जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

घटना के संबंध में ब्यावरा एसडीओपी प्रकाश शर्मा से जानकारी लेने पर उन्होंने मामले की जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं होने की बात कही। वहीं सुठालिया थाना प्रभारी का कहना है कि घटना की जानकारी मिलते ही FIR दर्ज कर दी गई थी और वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई थी।फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी है। राज्य मंत्री के घर चोरी की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!