
सूरजपुर/रामनगर: सेवा संकल्प अभियान के तहत सूरजपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत रामनगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों एवं ग्रामीणों को जागरूक किया गया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं बौद्धिक विकास में प्रारंभिक शिक्षा और उचित देखभाल की भूमिका पर चर्चा की गई।इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के वजन और ऊंचाई का माप लिया गया तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। अभिभावकों को बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उचित पोषण और स्वच्छता के प्रति विशेष ध्यान देने की समझाइश दी गई।
पौष्टिक आहार के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में बच्चों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को बाहरी खाद्य पदार्थों के अत्यधिक सेवन से होने वाले संभावित दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए घर पर तैयार पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपील की गई। विभिन्न गतिविधियों और संवाद के माध्यम से बच्चों एवं परिवारों को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
हर घर मुनगा अभियान के तहत किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत मुनगा पौधे का रोपण भी किया गया। ग्रामीणों और परिवारों को मुनगा के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी देते हुए घरेलू स्तर पर इसके उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और परिवारों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत रामनगर की सरपंच संगीता सिंह पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुसुम कुशवाहा, ऊषा कुशवाहा, शकुंतला प्रजापति, बागेश्वरी, खेमवती, मुनिया, राजकुमारी, किस्मतिया, गणेश्वरी प्रजापति एवं प्रभा सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




















