
दोनों घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी: नगर कुसमी में बुधवार सुबह करीब 10 बजे आईसीआईसीआई बैंक के समीप कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस सड़क हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार सरस्वती शिशु मंदिर कुसमी के दो नाबालिग छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर के व्यस्त क्षेत्र में हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार और मोटरसाइकिल दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल छात्रों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण दोनों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया।
दो नाबालिग छात्र बाइक पर थे सवार..
दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 EN 0243 पर सरस्वती शिशु मंदिर कुसमी में अध्ययनरत दो छात्र सवार थे। इनमें कक्षा 9वीं का 15 वर्षीय छात्र निवासी ग्राम राजेन्द्रपुर तथा कक्षा 8वीं का 16 वर्षीय छात्र निवासी ग्राम नटवरनगर शामिल है। दोनों छात्रों को हादसे में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया।
भाजपा एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष के नाम दर्ज है कार..
दुर्घटना में शामिल कार क्रमांक CG 15 EJ 7788 भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, बलरामपुर-रामानुजगंज के जिलाध्यक्ष दीपक सोनवानी के नाम दर्ज बताई गई है। हादसे के समय कार को उनके छोटे भाई कुलदीप सोनवानी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम सेरंगदाग चला रहे थे। दुर्घटना में कार चालक सुरक्षित रहा। वहीं टक्कर के कारण कार के अगले हिस्से और मोटरसाइकिल में काफी नुकसान हुआ है। हादसे के बाद कुसमी पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी भी अहम
नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने की घटनाओं को रोकने में अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। बच्चों को वाहन उपलब्ध कराने अथवा उनके द्वारा वाहन चलाने की अनुमति देने से पहले अभिभावकों को उनकी उम्र और यातायात नियमों को ध्यान में रखना चाहिए। वहीं स्कूल प्रबंधन द्वारा भी विद्यार्थियों को नियमित रूप से यातायात नियमों, हेलमेट के उपयोग तथा नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने के संबंध में जागरूक किया जाना आवश्यक है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
दुर्घटना के बाद कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों का जायजा लिया। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल दोनों घायल छात्रों को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे में कार और मोटरसाइकिल दोनों को काफी नुकसान पहुंचा है।




















