
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र के चोपड़ापारा में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग बालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और आर्टिफिशियल ज्वेलरी समेत करीब 20 हजार रुपये का संपत्ति बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार चोपड़ापारा निवासी विकास पाण्डेय ग्रेटर नोएडा में कार्यरत हैं। उनकी सास भी उनके चोपड़ापारा स्थित मकान में रहती थीं, लेकिन वर्तमान में परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा गई हुई थीं। इसी दौरान मकान सूना था। 20 सितंबर 2026 को घर के माली ने मकान का दरवाजा टूटा होने की सूचना दी।सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान अलमारी का लॉकर टूटा मिला और उसमें रखी सोने की चेन, सोने की अंगूठी, तीन मोबाइल फोन तथा एक लाख रुपये नकद गायब मिले। मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर कुछ लड़कों के घर में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम देने की जानकारी सामने आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर गांधीनगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 592/2026 के तहत धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से घटना में शामिल चार विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान की। पूछताछ में उन्होंने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कुल करीब 20 हजार रुपये कीमत का सामान बरामद किया गया।पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान सोने की चेन और अन्य जेवरों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई। मामले में साक्ष्य छिपाने के आरोप में धारा 238 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है। चारों विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पूरी कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक राहुल सिंह, रमन मंडल, केवल साहू और दिनेश यादव की सक्रिय भूमिका रही।




















