अंबिकापुर: संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा, अम्बिकापुर ने राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना राज्य स्तरीय पुरस्कार वर्ष 2025-26 के लिए जारी चयन सूची में विश्वविद्यालय से संबंधित संस्थाओं एवं एन एस एस स्वयंसेवकों को विभिन्न श्रेणियों में कुल पांच पुरस्कारों के लिए चयनित किया गया है।

विश्वविद्यालय स्तर की श्रेणी में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा, अम्बिकापुर को राज्य चयन सूची में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। संस्था (इकाई) स्तर पर सरगुजा जिले के सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय, अम्बिकापुर का चयन पुरस्कार के लिए किया गया है। वहीं एन एस एस स्वयंसेवक स्तर (महाविद्यालय) की श्रेणी में राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अम्बिकापुर के शिवम शर्मा तथा शासकीय राम भजन राय एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर नगर की कु. नेहा यादव का चयन हुआ है। एन एस एस स्वयंसेवक स्तर (विद्यालय) में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अधिना, सलका, सूरजपुर की कु. मीना राजवाड़े का चयन किया गया है।

24 सितम्बर को रायपुर में होगा सम्मान समारोह
राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस के अवसर पर 24 सितम्बर 2026 को पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार, जी.ई. रोड, रायपुर में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में चयनित संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा।

158 इकाइयों के माध्यम से छह जिलों में संचालित हैं रासेयो की गतिविधियां

संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के अंतर्गत कुल 158 इकाइयां कार्यरत हैं। इनमें महाविद्यालय एवं विद्यालय स्तर की इकाइयां शामिल हैं, जो सरगुजा संभाग के छह जिलों में संचालित हैं। इन इकाइयों के माध्यम से स्वयंसेवक समाजसेवा, सामुदायिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।

विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले ने सभी पुरस्कार विजेताओं, कार्यक्रम अधिकारियों, प्राचार्यों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों का समर्पण राष्ट्र निर्माण की नींव है। यह उपलब्धि एन एस एस स्वयंसेवकों और प्रभारियों के कठिन परिश्रम, समाजसेवा के प्रति निष्ठा एवं अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी राष्ट्र निर्माण और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगी।

राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. एस.एन. पाण्डेय ने भी चयनित संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस उपलब्धि को राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाइयों द्वारा जमीनी स्तर पर किए जा रहे सामाजिक कार्यों और समर्पण का परिणाम बताया। जिला संगठक  खेमकरण अहिरवार ने भी सभी चयनित एन एस एस स्वयंसेवकों एवं संस्थाओं को बधाई दी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!