भिलाई: छावनी थाना क्षेत्र में वाहन समेत 36 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी प्रमोद देवांगन समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर कुल 25 घरेलू गैस सिलेंडर और चोरी में इस्तेमाल महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है।

पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को ग्राम कुटेला भाठा निवासी घनश्याम कुर्रे का महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन क्रमांक CG07CA8090 साक्षरता चौक, कैम्प-01 भिलाई में रायपुर से दुर्ग जाने वाली सर्विस रोड पर देशी शराब भट्ठी के पास खड़ा था। वाहन में 36 भरे हुए घरेलू इंडेन गैस सिलेंडर रखे थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने वाहन से सभी सिलेंडर चोरी कर लिए।घटना की रिपोर्ट 19 सितंबर को छावनी थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 647/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने प्रमोद देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी में शामिल होना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए 36 सिलेंडरों में से 16 सिलेंडर जामुल क्षेत्र के अहिवारा रोड स्थित जय अम्बे शोरूम के पीछे छिपाकर रखे गए थे, जबकि अन्य सिलेंडरों को अलग-अलग लोगों को करीब 2 हजार रुपये प्रति सिलेंडर की दर से बेचने की जानकारी दी।आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर चोरी के सिलेंडर बरामद किए। वहीं मुख्य आरोपी की निशानदेही पर भिलाई के बैकुण्ठ धाम दशहरा मैदान के पास से चोरी में इस्तेमाल महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन और पांच घरेलू गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए।मामले में पुलिस ने प्रमोद देवांगन के अलावा सुरेन्द्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन कुमार साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी के सिलेंडरों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाने के साथ कुछ सिलेंडर अन्य लोगों को बेच दिए थे।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर दुर्ग न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले में चोरी किए गए शेष सिलेंडरों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!