
छत्तीसगढ़ : भिलाई में चेन झपटमारी के मामले ने पुलिस को भी हैरान कर दिया। पुलिस ने एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है, जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों पर स्कूटी से घूमकर महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने का आरोप है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खास तौर पर सुबह अकेले टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे।
पैसों की जरूरत ने पहुंचाया अपराध की राह पर
पुलिस पूछताछ के मुताबिक दोनों आरोपी आर्थिक परेशानी से जूझ रहे थे। पढ़ाई का खर्च और अपने शौक पूरे करने के लिए उन्होंने चेन झपटमारी का रास्ता अपनाया। वारदात के लिए दोनों ने अपनी भूमिका भी तय कर रखी थी।युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि युवक पीछे बैठकर मौका मिलते ही महिला के गले से चेन खींच लेता था। इसके बाद दोनों तेजी से मौके से फरार हो जाते थे।
पुलिस से बचने के लिए अपनाते थे पहचान छिपाने का तरीका
वारदात के समय आरोपी हेलमेट पहनने के साथ चेहरे को कपड़े से ढककर रखते थे। उनका मकसद अपनी पहचान छिपाना और CCTV कैमरों में चेहरा साफ दिखाई नहीं देना था।सुपेला पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज के आधार पर स्कूटी और आरोपियों की गतिविधियों पर पुलिस की नजर गई। पूछताछ के बाद दोनों ने दो चेन झपटमारी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन का बचा हुआ हिस्सा और CG-07-NN-6415 नंबर की स्कूटी बरामद की है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
62 साल की महिला बनी दोनों वारदातों का निशाना
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एक ही 62 वर्षीय महिला को दो अलग अलग मौकों पर निशाना बनाया था। पहली घटना 31 जुलाई की सुबह करीब 6 बजकर 32 मिनट पर हुई थी। गीता देवी अपने घर के सामने टहल रही थीं, तभी स्कूटी सवार युवक और युवती वहां पहुंचे और उनके गले से चेन झपटकर भाग निकले।इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में फिर गीता देवी के साथ चेन झपटमारी की घटना हुई।एक ही महिला को दो बार निशाना बनाए जाने के बाद पुलिस ने दोनों घटनाओं को आपस में जोड़कर जांच आगे बढ़ाई। CCTV फुटेज की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
मॉर्निंग वॉक करने वाली बुजुर्ग महिलाएं थीं निशाने पर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय विक्की नायक और 20 वर्षीय तरूणा सिन्हा के रूप में हुई है। दोनों दुर्ग के तितुरडीह इलाके में रहकर भिलाई में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे।जांच में यह भी सामने आया कि दोनों की आपस में दोस्ती थी और वे सुबह के समय ऐसी महिलाओं पर नजर रखते थे जो अकेले मॉर्निंग वॉक के लिए निकलती थीं। मौका मिलते ही स्कूटी से उनके करीब पहुंचकर युवक चेन झपट लेता था।पुलिस अब दोनों आरोपियों से जुड़ी अन्य संभावित घटनाओं और उनके संपर्कों की भी जांच कर रही है।




















