अंबिकापुर/ लखनपुर: सरगुजा जिले के नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में लखनपुर पुलिस ने आरोपी को गोवा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग को दस्तयाब करने के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी हैं।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को प्रार्थी ने थाना लखनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 203/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने नाबालिग की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नाबालिग को कुकली, गोवा से आरोपी के कब्जे से बरामद किया। पूछताछ में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।मामले में पुलिस ने आरोपी महेश मिंज (22), निवासी चुकनडांड सेमरपारा, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर प्रकरण में धारा 65(1) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 जोड़ी है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, सहायक उप निरीक्षक निर्मला कश्यप, सहायक उप निरीक्षक मनीष तिवारी, आरक्षक जगेश्वर बघेल और राजेंद्र लकड़ा की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!