
कोरबा:छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने का मामला सामने आया है। महिला के रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंचने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कई दिनों बाद घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक से तेज बदबू आने पर शक हुआ। पुलिस की मौजूदगी में टैंक खुलवाया गया तो उसमें महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
मामला श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली का है। पुलिस के अनुसार 33 वर्षीय संतोषी करीब दो साल से 40 वर्षीय मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों के पूर्व पति-पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी। संतोषी की पहले शादी करतला क्षेत्र में हुई थी और उसके चार बच्चे हैं। पति की मौत के बाद वह ससुराल में रह रही थी। बाद में वह मनोज के साथ रहने लगी।
बताया जा रहा है कि 27 अगस्त को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि मनोज ने संतोषी के साथ मारपीट की। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। पुलिस के मुताबिक, देर शाम दोबारा मारपीट हुई, जिसके बाद संतोषी की मौत हो गई। आरोप है कि इसके बाद मनोज ने शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में डालकर उसका ढक्कन बंद कर दिया।
घटना के अगले दिन रक्षाबंधन था। संतोषी जब मायके नहीं पहुंची तो उसके भाइयों ने मनोज से उसके बारे में पूछताछ की। आरोप है कि मनोज ने महिला के एक दिन पहले ही कहीं चले जाने की बात कही। कई दिन बीतने के बाद भी संतोषी का पता नहीं चला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
19 सितंबर को संतोषी का भाई रामभरोस और अन्य परिजन मनोज के घर पहुंचे। घर के पीछे जाने पर सेप्टिक टैंक का ढक्कन आधा खुला मिला। टैंक से तेज बदबू आ रही थी। संदेह होने पर परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक खुलवाया गया। अंदर एक सड़ा-गला शव मिला, जिसकी पहचान संतोषी के रूप में की गई।
पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर मर्ग कायम किया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और मेडिकल कॉलेज की टीम ने भी जांच की। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद से आरोपी मनोज उरांव फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।




















