
सूरजपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सूरजपुर प्रवास के दौरान चरण सिंह अग्रवाल के निवास पहुंचे और उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अग्रवाल के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने शोक संतप्त परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने स्व. श्री अग्रवाल के सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन में योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपना जीवन समाज और जनसेवा के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चरण सिंह अग्रवाल का लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण विशेष रूप से स्मरणीय रहेगा। आपातकाल के कठिन दौर में उन्होंने करीब 18 माह जेल में रहकर लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए संघर्ष किया। सार्वजनिक जीवन में उनका लंबा अनुभव, सेवाभाव और समाज के प्रति प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।



















