
अंबिकापुर: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत यातायात पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के 5 मामलों में कार्रवाई करते हुए 4 मोटरसाइकिल और एक पिकअप चालक को न्यायालय से कुल ₹50 हजार के अर्थदंड से दंडित कराया है।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में यातायात शाखा की टीम द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान अलग-अलग मामलों में वाहन चालकों को रोककर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। जांच में सभी पांच चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।पहले मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक CG-15-DD-6806 के चालक राहुल (26), निवासी मुक्तिपारा अंबिकापुर को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया। दूसरे मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक CG-29-AH-6470 के चालक विफल (25), निवासी करसू, सूरजपुर को पकड़ा गया।इसी तरह तीसरे मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक CG-15-ED-0671 के चालक उदय मानिकपुरी (24), निवासी प्रतापपुर, चौथे मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक CG-15-ED-3269 के चालक प्रितेश एक्का (25), निवासी अंबिकापुर को नशे की हालत में वाहन चलाते पाया गया।पांचवें मामले में पिकअप वाहन क्रमांक JH-03-AY-0816 के चालक देवव्रत मंडल (30), निवासी रामचंद्रपुर, बलरामपुर को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया।
पुलिस ने पांचों वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने प्रत्येक चालक पर ₹10 हजार का अर्थदंड, यानी सभी पांच मामलों में कुल ₹50 हजार का जुर्माना लगाया।यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस के मुताबिक सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पूरी कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।




















