
Bilaspur GST Raid: बिलासपुर और मुंगेली में टैक्स से जुड़ी गड़बड़ियों के खिलाफ स्टेट जीएसटी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीम ने दोनों जिलों में 6 कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर जांच की। कार्रवाई के दायरे में मुंगेली के तीन होटल और बिलासपुर के व्यापार विहार क्षेत्र के तीन कारोबारी शामिल बताए गए हैं। जांच के दौरान टैक्स से जुड़ी अनियमितताओं की पड़ताल की गई।
होटल और कारोबारियों के ठिकानों पर पहुंची टीम
जानकारी के मुताबिक, मुंगेली में टैक्स चोरी और कच्चे बिल से जुड़ी शिकायतों के आधार पर कुछ होटल और रेस्टोरेंट विभाग की जांच के घेरे में आए थे। इसी के बाद टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों और लेनदेन की जांच की।वहीं बिलासपुर के व्यापार विहार क्षेत्र में गुटखा, ड्राई फ्रूट्स और तेल कारोबार से जुड़े तीन व्यापारियों के प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई। विभाग की कार्रवाई के दौरान बिल, बिक्री और टैक्स से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले गए।
नुक्कड़ ढाबे पर 20 हजार रुपये का जुर्माना
मुंगेली के धरमपुरा मेन रोड स्थित नुक्कड़ ढाबे में भी विभागीय टीम ने जांच की। शिकायत के आधार पर हुई जांच में कच्चे बिल से जुड़ी अनियमितता सामने आने की बात कही जा रही है। इसके बाद ढाबा संचालक पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
बावा होटल पर 60 लाख की पेनाल्टी
मुंगेली के पड़ाव चौक स्थित वैष्णव मिष्ठान भंडार, जिसे बावा होटल के नाम से भी जाना जाता है, पर विभाग की कार्रवाई सबसे बड़ी रही। यहां जांच के बाद करीब 60 लाख रुपये की पेनाल्टी के साथ टैक्स संबंधी कार्रवाई की गई है।
टैक्स चोरी और बोगस बिलिंग पर नजर
जीएसटी विभाग की ओर से राज्यभर में टैक्स चोरी, बोगस बिलिंग और ई-वे बिल में गड़बड़ी के मामलों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, कारोबारियों के रिकॉर्ड, बिलिंग और टैक्स भुगतान से संबंधित दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाती है।बिलासपुर और मुंगेली में हुई ताजा कार्रवाई के बाद कारोबारियों के बीच भी हलचल बढ़ गई है। विभाग की जांच पूरी होने के बाद अन्य अनियमितताओं और कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।




















