सूरजपुर:  स्व. रतिराम पनिका शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवनगर में स्वच्छता पखवाड़े के तहत विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वच्छ विद्यालय एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत विद्यालय परिसर में विशेष साफ-सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व और दैनिक जीवन में साफ-सफाई को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए चित्रकला, क्विज एवं भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ विद्यालय जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता को लेकर अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ भी दिलाई गई। सभी ने विद्यालय, घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्राचार्य एस.पी. निषाद ने कहा कि स्वच्छता किसी एक अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत और संस्कार बनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं स्वच्छ रहने के साथ परिवार और समाज के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में व्याख्याता विजेंद्र कुमार सिंह, व्याख्याता प्रेमदास गुप्ता, सहायक शिक्षक विजय कुमार कुर्रे, व्यावसायिक प्रशिक्षक आदित्य दुबे एवं संचार प्रभारी दिनेश कुमार प्रजापति सहित विद्यालय के समस्त कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने विभिन्न गतिविधियों के संचालन एवं व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से कार्यक्रम प्रभावी रहा। स्वच्छता पखवाड़े के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता, अनुशासन, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!