
बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी एवं जिला पंचायत सीएओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के निर्देशन में मिशन आचार्या के अंतर्गत विकासखंड शंकरगढ़ के डीपाडीह, घुघरीकला एवं दुर्गापुर संकुलों में संकुल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठकों को शिक्षण की नवीन एवं प्रभावी पद्धतियों से अवगत कराया गया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिदिन 20 मिनट पुस्तक वाचन, छोटी-छोटी रचनात्मक लेखन गतिविधियाँ, पढ़ने की घंटी तथा साझा पठन जैसी गतिविधियों की जानकारी डेमो के माध्यम से व्यावहारिक रूप में दी गई, जिससे प्रधान पाठक इन्हें अपने विद्यालयों में सहजता से लागू कर सकें।
उल्लेखनीय है कि मिशन आचार्या के अंतर्गत विकासखंड शंकरगढ़ में रोस्टर तैयार कर प्रत्येक शनिवार पाँच-पाँच संकुलों के प्रधान पाठकों के साथ गतिविधि आधारित शिक्षण, खेल-खेल में शिक्षण, साझा पठन, पढ़ने की घंटी एवं गणित का कोना जैसे विषयों पर डेमो सहित विस्तृत चर्चा की जाती है। इस नियमित प्रक्रिया से शिक्षक नवीन ऊर्जा के साथ अपने विद्यालयों में लौटकर बच्चों को रुचिपूर्ण ढंग से गतिविधि आधारित शिक्षण उपलब्ध करा रहे हैं।
इन प्रयासों के माध्यम से मिशन आचार्या के लक्ष्य "हर बच्चा सीखे, हर शिक्षक प्रेरित करे, हर विद्यालय उत्कृष्ट बने" को साकार करने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार की अपेक्षा है।




















