कोरबा: कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरुवार दोपहर गुरसियां के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल-डीजल से भरे एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। टैंकर में करीब 4 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल भरा हुआ था। आग लगते ही ड्राइवर और कंडक्टर ने टैंकर से कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़े हादसे की आशंका टल गई।

जानकारी के अनुसार, टैंकर कोरबा से पेट्रोल-डीजल लेकर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। गुरसियां के पास ड्राइवर दीपक कुमार ने एक होटल के पास टैंकर रोककर खाना खाया। खाना खाने के बाद जब उन्होंने टैंकर स्टार्ट करने के लिए चाबी ऑन कर सेल्फ मारा, तभी बैटरी की तरफ से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग भड़क उठी।ड्राइवर ने आग पर काबू पाने के लिए टैंकर में रखे फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया। दो फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग लगातार बढ़ती गई और टायरों तक पहुंच गई। कुछ ही देर में पूरा टैंकर आग की लपटों से घिर गया।टैंकर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पेट्रोल और डीजल भरा होने के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने हाईवे के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी। इसके चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।टैंकर में पेट्रोल-डीजल होने के कारण आग के साथ विस्फोट की आशंका भी बनी हुई थी। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के रिहायशी इलाकों से लोगों को दूर कराया गया और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बनाया गया।

बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि टैंकर में आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल दमकल वाहन को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर लोगों और वाहनों की आवाजाही रोक दी थी, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन टैंकर अत्यधिक गर्म होने के कारण उसे लगातार ठंडा किया जा रहा है।दमकल की टीम और पुलिस बल मौके पर तैनात रहे। समय रहते ड्राइवर और कंडक्टर के टैंकर से बाहर निकल जाने तथा पुलिस द्वारा तत्काल यातायात रोक दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!