
रायपुर। गणेश उत्सव शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं और राजधानी में तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है। इसी बीच महादेवघाट के पास तैयार किए जा रहे विसर्जन कुंड का निर्माण अब तक अपेक्षित गति नहीं पकड़ पाया है। काम में देरी को लेकर रायपुर नगर निगम ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समयसीमा के भीतर निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
अपर आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
शनिवार को अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने महादेवघाट पहुंचकर निर्माण कार्य की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू होने से पहले कुंड हर स्थिति में तैयार होना चाहिए।महादेवघाट का यह विसर्जन कुंड राजधानी के सबसे प्रमुख कुंडों में शामिल है। यहां रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से आने वाली करीब 10 हजार छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। ऐसे में निर्माण में किसी भी तरह की देरी से उत्सव के दौरान व्यवस्थाओं पर असर पड़ सकता है।
शहर के दूसरे निर्माण कार्यों की भी हुई जांच
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने वार्ड 2 स्थित अटल आवास परिसर, वार्ड 70 के सरोना और वार्ड 20 के कोटा में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। कई स्थानों पर कार्य की गति संतोषजनक नहीं मिली।
लापरवाही पर ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
लोकेश्वर साहू ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन ठेकेदारों को कार्यादेश जारी होने के बावजूद निर्धारित समय में काम पूरा नहीं किया गया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों में तत्काल तेजी लाने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणेश प्रतिमाओं की आवाजाही को देखते हुए निगम अब विसर्जन कुंड समेत सभी जरूरी निर्माण कार्य समय पर पूरा कराने पर जोर दे रहा है।




















