
बिलासपुर : आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर सुरक्षा इंतजाम तेज कर दिए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण थाना क्षेत्रों तक संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस ने ऐसे लोगों को चिन्हित कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की है, जिनसे त्योहारों के दौरान विवाद या सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका है।
50 से ज्यादा लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस के विशेष अभियान के तहत BNSS की अलग-अलग धाराओं में 50 से अधिक लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद संबंधित लोगों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।पुलिस का फोकस ऐसे लोगों पर रहा, जिनकी गतिविधियों से त्योहारों के दौरान विवाद या किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा होने की आशंका जताई गई थी।
कबाड़ कारोबारियों की गतिविधियों की भी जांच
सुरक्षा अभियान के साथ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध तरीके से कबाड़ कारोबार करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों और कारोबार की जांच की। संदिग्ध या अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई पेट्रोलिंग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जरूरत के अनुसार पुलिस बल की मौजूदगी भी बढ़ाई जा रही है।पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक माहौल बिगाड़ने, विवाद पैदा करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान भी निगरानी और गश्त का यह अभियान जारी रहेगा।




















