
जशपुर: महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों से ऋण की किश्त के रूप में लाखों रुपये वसूलने के बाद रकम कंपनी में जमा नहीं करने के मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के कलेक्शन एजेंट पर 42 हितग्राहियों से वसूले गए 9 लाख 46 हजार 49 रुपये गबन करने का आरोप है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के तत्कालीन जशपुर ब्रांच मैनेजर सौखी लाल बघेल ने 20 अगस्त 2026 को सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों की महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को माइक्रो फाइनेंस के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराती है। ऋण की किश्तों की वसूली के लिए कलेक्शन एजेंटों की नियुक्ति की जाती है।
शिकायत के मुताबिक, कंपनी के जशपुर ब्रांच में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत रवि राम चौहान (40 वर्ष) ने 7 नवंबर 2022 से 5 जुलाई 2023 के बीच 15 महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़े 42 सदस्यों से ऋण की किश्त के रूप में कुल 9,46,049 वसूल किए। आरोप है कि हितग्राहियों से रकम लेने के बाद उसने कंपनी के जशपुर ब्रांच में राशि जमा नहीं की और उसका गबन कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी स्तर पर जांच कराई गई। जांच में 42 हितग्राहियों से राशि वसूले जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी रवि राम चौहान से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हितग्राहियों से रकम प्राप्त करने और कंपनी में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की थी।बताया गया कि आरोपी ने 12 जुलाई 2023को नोटरी शपथ पत्र के माध्यम से कंपनी में रकम जमा करने के लिए तीन महीने का समय लिया था। हालांकि निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी आरोपी ने रकम कंपनी में जमा नहीं की।
इसके बाद प्रार्थी की शिकायत पर सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 257/2026, धारा 409 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी रवि राम चौहान, पिता अलप साय, निवासी पेमला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, हाल मुकाम संगम चौक दरबारीटोली, जशपुर को जशपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर गबन की गई राशि समेत मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर मोर ध्वज देशमुख सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू सहित कोतवाली पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















