
जशपुर: जशपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात” के तहत नारायणपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 किलो 165 ग्राम अवैध गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ग्राम कोटिया के बालेश्वर चौक के पास गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में बस का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे थाना नारायणपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कोटिया स्थित बालेश्वर चौक के पास दो व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में बड़ी मात्रा में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।बालेश्वर चौक पहुंचने पर पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दो संदिग्धों को प्लास्टिक की बोरी के साथ देखा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान दिलीप यादव (44) और बसंत राम उर्फ बबलू (32), दोनों निवासी ग्राम कोटिया, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर के रूप में हुई।गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने प्लास्टिक की बोरी की तलाशी ली। इसमें प्लास्टिक टेप से लिपटे छह पैकेट मिले। जांच करने पर पैकेटों में कुल 6 किलो 165 ग्राम गांजाबरामद हुआ। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपयेऔर मोबाइल फोन की कीमत करीब 20 हजार रुपयेहै। इस तरह कुल करीब 3.20 लाख रुपये की जब्ती की गई।
गांजा कहां से आया, नेटवर्क की जांच जारी
मामले में थाना नारायणपुर में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजे के स्रोत और इसे आगे किन लोगों को बेचने की योजना थी, इसकी जानकारी जुटा रही है। मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस गांजे के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणपुर निरीक्षक कोमल सिंह नेताम उप निरीक्षकसंतोष तिवारी आरक्षक प्रदीप भगत आरक्षक णवीर तिग्गा नगर सैनिक वीरेंद्र भगत और ओमप्रकाश यादवकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















