
सूरजपुर: साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल फ्रॉड के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेशभर में 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आम जनता को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए “जागरूकता की एक सेल्फी” पहल की शुरुआत की गई है।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जिलेभर में साइबर जागृति अभियान के तहत वृहद रूप से आमजनता को साइबर सुरक्षा के लिए जागरूकता की एक सेल्फी लेने के प्रोत्साहित कर उनकी सेल्फी को सोशल मीडिया में अपलोड कराकर शेयर कराया जा रहा हैअतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन के मार्गदर्शन में मंगलवार, 01 सितम्बर 2026 को थाना झिलमिली पुलिस द्वारा ग्राम बभना व चौकी बसदेई पुलिस द्वारा ग्राम बंजा के ग्रामीणों को साइबर जागृति अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस के द्वारा इस जन-जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने भारी उत्साह के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस के आधिकारिक पोस्टर पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर अपनी “जागरूकता की सेल्फी” ली और उसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड किया। सेल्फी अपलोड करते हुए ग्रामीणों ने आम जनता, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें और ‘साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़’ के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
वरिष्ठ नागरिकों से अपील
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने वरिष्ठ नागरिकों, सेवानिवृत्त अधिकारी कर्मचारियों से की गई विशेष अपील में उन्होंने कहा है कि डिजिटल अरेस्ट नाम की कोई कानूनन प्रक्रिया नहीं होती, भारत में कोई भी पुलिस, सीबीआई, ईडी या सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल पर किसी को गिरफ्तार (डिजिटल अरेस्ट) नहीं करती और ना ही पैसे ट्रांसफर करने की मांग करती है। यदि कोई व्यक्ति आपको पुलिस या कानून प्रवर्तन अधिकारी बताकर डर दिखाता है, तो कॉल तुरंत काट दें। अपने बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी या व्यक्तिगत विवरण किसी के साथ साझा न करें। किसी भी डर या धमकी के कारण किसी अज्ञात खाते में पैसे न भेजें। यदि किसी प्रकार के साइबर फ्रॉड का संदेह हो या आप शिकार हो जाएं, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराए।




















