
कोरिया: कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र अंतर्गत पाण्डोपारा स्थित टीएमसी कंपनी के झिलमिली साइड स्टोर में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए मशीन पार्ट्स बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 की रात करीब 1:34 बजे टीएमसी कंपनी के झिलमिली साइड स्टोर में चोरी की वारदात हुई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 27 अगस्त को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 40 लाख रुपये कीमत के एसईसीएल मशीनों के महंगे पार्ट्सबरामद किए थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की भी जांच शुरू की। इसी क्रम में 1 सितंबर 2026 को सुजीत ताम्रकार (52), निवासी ग्राम पोंडी, पुलिस चौकी पोंडी को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी के द्वारा चोरी का सामान खरीदना सामने आया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही और उसके पेश करने पर करीब 10 लाख रुपये के तांबा, पीतल, कांसा सहित अन्य धातुओं से बने महंगे मशीन पार्ट्स बरामद किए गए।बरामदगी के बाद पुलिस ने सुजीत ताम्रकार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के साथ चोरी हुए सभी सामान की बरामदगी कर ली गई है। हालांकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच अभी जारी है।पूरे मामले के खुलासे में पटना थाना पुलिस और साइबर सेल की अहम भूमिका रही। पुलिस की तत्परता और समन्वित कार्रवाई से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा किया गया।
पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर ने आमजन से अपील की है कि अपराध और चोरी की घटनाओं की रोकथाम में पुलिस को आम लोगों से मिलने वाली सूचनाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि या चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




















