
September Utility Fare Inflation: सितंबर का पहला दिन मुंबई और आसपास के लोगों के लिए राहत की खबर लेकर नहीं आया है। रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी कई सेवाओं और वस्तुओं की कीमतों में एक साथ बढ़ोतरी हुई है। 1 सितंबर 2026 से CNG, घरेलू PNG, ऑटो-टैक्सी का किराया और तबेले के भैंस के दूध की नई दरें लागू हो गई हैं। इसका सीधा असर आम परिवारों के मासिक बजट पर पड़ने वाला है।
CNG और PNG की कीमत में कितना इजाफा
महानगर गैस लिमिटेड के मुताबिक मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG की कीमत 2 रुपये प्रति किलो बढ़ाई गई है। नई दर लागू होने के बाद CNG 88 रुपये प्रति किलो मिलेगी।
घरेलू PNG के दाम में भी बढ़ोतरी की गई है। इसकी कीमत 1 रुपये प्रति SCM बढ़ाई गई है। नई दरों का असर मुंबई के साथ आसपास के कई क्षेत्रों के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
गैस महंगी होने की क्या है वजह
MGL के अनुसार घरेलू गैस की उपलब्धता में कमी के चलते जरूरत पूरी करने के लिए महंगी Spot RLNG का आयात करना पड़ रहा है। दूसरी ओर अंतर्राष्ट्रीय बाजार में गैस की लागत पर भी वैश्विक तनाव और संघर्ष का असर पड़ा है। लागत बढ़ने के कारण CNG और PNG की कीमतों में संशोधन किया गया है।इस बढ़ोतरी का असर मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर और धाराशिव समेत कर्नाटक के चित्रदुर्ग और दावणगेरे जिलों के 13 लाख से अधिक CNG वाहन चालकों पर पड़ने की संभावना है। घरेलू PNG के करीब 30 लाख उपभोक्ताओं को भी बढ़ी हुई कीमत चुकानी होगी।
ऑटो और टैक्सी से सफर करना भी पड़ेगा भारी
मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण ने ऑटो और टैक्सी के किराए में भी संशोधन को मंजूरी दी है। ऑटो का न्यूनतम किराया अब 23 रुपये की जगह 27 रुपये होगा। इसी तरह काली-पीली टैक्सी के लिए न्यूनतम किराया 28 रुपये से बढ़ाकर 33 रुपये कर दिया गया है।नई व्यवस्था में ऑटो के लिए प्रति किलोमीटर किराया 18.22 रुपये और टैक्सी के लिए 21.90 रुपये तय किया गया है। यानी रोज ऑटो या टैक्सी से सफर करने वाले लोगों के परिवहन खर्च में भी इजाफा होना तय है।
दूध के दाम ने भी बढ़ाई चिंता
मुंबई में तबेले से मिलने वाले भैंस के दूध की कीमत में भी बड़ा बदलाव हुआ है। BMPA की ओर से की गई बढ़ोतरी के बाद दूध 9 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है।अब 93 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला दूध 102 रुपये प्रति लीटर की दर से मिलेगा। नई कीमतें 28 फरवरी 2027 तक लागू रहने की बात कही गई है।
महीने के बजट पर पड़ेगा सीधा असर
दूध, गैस और रोजाना के सफर पर होने वाला खर्च लगभग हर परिवार के बजट का हिस्सा है। ऐसे में इन सभी क्षेत्रों में एक साथ हुई बढ़ोतरी से सितंबर में मुंबई और आसपास रहने वाले लोगों के मासिक खर्च का दबाव बढ़ सकता है। खासकर CNG वाहन चलाने वालों, रोज ऑटो-टैक्सी से सफर करने वालों और PNG का इस्तेमाल करने वाले परिवारों को इसका सीधा असर महसूस होगा।




















