
रायपुर: छत्तीसगढ़ में बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हो रही वृद्धि के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सड़क पर उतरने का फैसला किया है। कांग्रेस आगामी 4 सितंबर 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय ‘चीनी सत्याग्रह’ आयोजित करेगी।प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रम संबंधी पत्र के मुताबिक, जिला मुख्यालयों में किसी महापुरुष की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह किया जाएगा। इस दौरान शक्कर की बढ़ती कीमतों और कथित कालाबाजारी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस बाजार में शक्कर की सुलभ और न्यायसंगत उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी करेगी।
एक महीने में 5 से 7 रुपये किलो तक बढ़े दाम
कांग्रेस का दावा है कि छत्तीसगढ़ के खुदरा बाजारों में पिछले एक महीने के दौरान शक्कर की कीमत में करीब 5 से 7 रुपये प्रति किलो** तक की बढ़ोतरी हुई है। पार्टी का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम उपभोक्ताओं का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है और रसोई का खर्च लगातार बढ़ रहा है।
संगठन के सभी पदाधिकारियों को भाग लेने के निर्देश
‘चीनी सत्याग्रह’ को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन के विभिन्न स्तरों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां, अग्रिम संगठन, विभाग एवं प्रकोष्ठ, निर्वाचित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे।कांग्रेस का कहना है कि सत्याग्रह के माध्यम से आम जनता से जुड़े महंगाई के मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा। पार्टी ने जिला स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां शुरू करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।4 सितंबर को होने वाले इस प्रदेशव्यापी आंदोलन के जरिए कांग्रेस शक्कर की कीमतों में बढ़ोतरी, कालाबाजारी और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।


















