सूरजपुर:  कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक कलेक्टर  रेना जमील की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्यों का निराकरण सुनिश्चित करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने कहा।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण के उपरांत संबंधित शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनकी समस्या का समाधान संतोषजनक रूप से हुआ है। इसी प्रकार पीएमओ पोर्टल एवं जनदर्शन से प्राप्त प्रकरणों के भी समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए।इस दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कलस्टर बनाकर वेंडरों के माध्यम से घरों में सौर पैनल स्थापित कराने की दिशा में कार्य करने कहा।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में वय वंदन कार्ड निर्माण, आभा आईडी एवं संस्थागत प्रसव सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने वय वंदन कार्ड निर्माण में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा कृषि और राजस्व विभाग को आपस में समन्वय बनाकर जिले में शत-प्रतिशत एग्रीस्टैक पंजीयन सुनिश्चित करने कहा।

कलेक्टर श्रीमती जमील ने शिक्षा विभाग से पाठ्य पुस्तकों के वितरण की जानकारी लेते हुए विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिलाने के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर उनका पंजीयन कराने कहा। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण कार्यों में प्रगति लाने तथा उल्लास साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से निरक्षरों को साक्षर बनाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिले में चल रहे  निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए भवनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में महतारी सदन के निर्माण कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली गई। भैयाथान विकासखंड के ग्राम पंचायत समोली अंतर्गत बसोरपारा में आधार कार्ड एवं श्रमिक पंजीयन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर, सर्व एसडीम सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!