
बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की तातापानी पुलिस ने घर में घुसकर मोबाइल और चार्जर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर कब्जे से चोरी गया मोबाइल और चार्जर बरामद किया।
जानकारी के अनुसार तातापानी निवासी मनदीप कुमार मिंज (37 वर्ष) ने चौकी तातापानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपने परिवार के साथ तातापानी बाजार सामान खरीदने गया था। घर लौटने पर उसने देखा कि एक व्यक्ति उसके घर के अंदर से निकल रहा है। संदेह होने पर जब उसने घर की जांच की तो मोबाइल फोन और चार्जर गायब मिले। इसके बाद उसने पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर तातापानी पुलिस ने अपराध क्रमांक 155/2026 के तहत धारा 305(क) एवं 331(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही संतोष राम (35 वर्ष), निवासी ग्राम बुलगांव, चौकी तातापानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया मोबाइल फोन और चार्जर बरामद किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार 29 अगस्त 2026 को रामानुजगंज न्यायालय में पेश किया गया।




















