लुधियाना:  बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ लुधियाना में मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (CITU) के आह्वान पर हीरो साइकिल एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला फूंका।

प्रदर्शन के दौरान मजदूर नेताओं ने रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होने वाली 14 आवश्यक खाद्य एवं घरेलू वस्तुओं को जीएसटी के दायरे से बाहर करने, महंगाई पर तत्काल रोक लगाने और गरीब एवं मजदूर परिवारों को सस्ती दरों पर जरूरी सामान उपलब्ध कराने की मांग उठाई। CITU की ओर से 27 अगस्त को महंगाई विरोधी दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया गया था।

इस दौरान रामवृक्ष यादव, समर बहादुर, सोनू गुप्ता और रमेश समेत अन्य मजदूर नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने मजदूर और आम परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। मेहनत की कमाई का बड़ा हिस्सा राशन और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में खर्च हो रहा है। उन्होंने सरकार से आम जनता को तत्काल राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

वक्ताओं ने निजीकरण को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों और संपत्तियों का निजीकरण जनता के हित में नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और परिवहन जैसी सार्वजनिक सेवाओं को मुनाफे का साधन बनाने के बजाय जनता के अधिकार के रूप में मजबूत किया जाना चाहिए।

मजदूर नेताओं ने सम्मानजनक न्यूनतम मजदूरी, समान काम के लिए समान वेतन, ठेका प्रथा पर रोक, स्थायी रोजगार, मजबूत राशन व्यवस्था, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी की मांग की। साथ ही श्रम कानूनों में मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करने वाले प्रावधानों को वापस लेने की मांग भी उठाई।

उन्होंने कहा कि मजदूर, किसान, कर्मचारी और मेहनतकश जनता देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इसके बावजूद मजदूर महंगाई, अस्थायी रोजगार, कम मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण और मजदूरों के अधिकारों के मुद्दे पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। मजदूर नेताओं ने कहा कि मजदूर एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और सरकार को मेहनतकश जनता की आवाज को गंभीरता से सुनना होगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!