
अंबिकापुर: शहर में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और डंडे चले।
मारपीट के दौरान चाकू से हमला किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। चाकू लगने से दो युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मारपीट की वजह आपसी विवाद बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों के आधार पर विवाद में शामिल लोगों की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।




















