भिलाई। इंजीनियरिंग में दाखिले से चूक गए विद्यार्थियों के लिए छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय ने एक और अवसर दिया है। विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट में सत्र 2026-27 की खाली सीटों को भरने के लिए यूनिवर्सिटी लेवल स्पॉट राउंड आयोजित किया जाएगा। बीटेक ऑनर्स के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया 31 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक चलेगी। रविवार और शासकीय अवकाश के दिन प्रवेश प्रक्रिया नहीं होगी।

JEE Main स्कोर से तय होगी मेरिट

स्पॉट राउंड में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्रक्रिया के बजाय निर्धारित स्थान पर स्वयं उपस्थित होकर फिजिकल रिपोर्टिंग करनी होगी। बीटेक पाठ्यक्रमों में सीट आवंटन का आधार JEE Main 2026 का स्कोर कार्ड रहेगा।पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख पर तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई के एडमिशन सेल में पहुंचकर पंजीयन कराना होगा।

इन BTech पाठ्यक्रमों में मिल सकता है प्रवेश

रिक्त सीटों के आधार पर विद्यार्थियों को बीटेक ऑनर्स के इन पाठ्यक्रमों में दाखिला दिया जाएगा:

  • कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग
  • कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
  • कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग डेटा साइंस
  • सिविल इंजीनियरिंग

अभ्यर्थियों को एडमिशन सेल, बेसमेंट, विश्वेश्वरैया भवन, UTD-1 में रिपोर्ट करना होगा।

मूल दस्तावेजों के बिना अधूरा रहेगा सत्यापन

स्पॉट राउंड में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को अपने सभी जरूरी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। इसके अलावा प्रत्येक दस्तावेज की दो स्वप्रमाणित प्रतियां भी प्रस्तुत करनी होंगी।जरूरी दस्तावेजों में JEE Main 2026 स्कोर कार्ड या रैंक कार्ड, 10वीं और 12वीं की अंकसूची एवं प्रमाणपत्र, ट्रांसफर सर्टिफिकेट, चरित्र प्रमाणपत्र, माइग्रेशन सर्टिफिकेट, जाति प्रमाणपत्र, EWS प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, गैप प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और मेडिकल प्रमाणपत्र शामिल हैं।फिजिकल रिपोर्टिंग के दौरान मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।

एक ही दिन में रजिस्ट्रेशन से एडमिशन तक की प्रक्रिया

विश्वविद्यालय की तय समय-सारिणी के अनुसार प्रत्येक कार्यदिवस प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक फॉर्म भरने और पंजीयन का समय रहेगा।इसके बाद दोपहर 1:30 बजे मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट में चयनित विद्यार्थियों को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच प्रवेश दिया जाएगा।

पात्रता के लिए इन शर्तों का रखना होगा ध्यान

बीटेक में प्रवेश लेने के लिए JEE Main 2026 का वैध स्कोर कार्ड जरूरी है। अभ्यर्थी का 10+2 परीक्षा उत्तीर्ण होना भी अनिवार्य है। मुख्य विषयों में AICTE और विश्वविद्यालय के निर्धारित मानकों के अनुसार कम से कम 45 प्रतिशत अंक होना जरूरी बताया गया है।सीट आवंटन और अन्य पात्रता शर्तें विश्वविद्यालय तथा लागू प्रवेश नियमों के अनुसार निर्धारित होंगी।

पहले सेमेस्टर के लिए 54,500 रुपये शुल्क

बीटेक ऑनर्स के प्रथम सेमेस्टर की कुल फीस 54,500 रुपये निर्धारित की गई है। इसमें 45 हजार रुपये ट्यूशन फीस, 2 हजार रुपये डेवलपमेंट फीस, 700 रुपये ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट फीस, 2 हजार रुपये लैबोरेटरी फीस, 500 रुपये स्पोर्ट्स फीस, 500 रुपये लाइब्रेरी फीस, 3 हजार रुपये कॉशन मनी, 300 रुपये पहचान पत्र और 500 रुपये एडमिशन फीस शामिल है।दूसरे से आठवें सेमेस्टर तक ट्यूशन, डेवलपमेंट, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, लैबोरेटरी, स्पोर्ट्स और लाइब्रेरी फीस मिलाकर 50,700 रुपये प्रति सेमेस्टर शुल्क निर्धारित किया गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!