रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून अब सामान्य बारिश के आंकड़े के काफी करीब पहुंच गया है। 26 अगस्त तक प्रदेश में 863.9 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 882.4 मिमी मानी जाती है। यानी सामान्य के मुकाबले अब सिर्फ करीब 2 फीसदी बारिश की कमी बची है।

12 जिलों में आज मौसम दिखाएगा ज्यादा असर

मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 12 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में रायगढ़, बिलासपुर, नारायणपुर, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलरामपुर, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी और कोरिया शामिल हैं।इन इलाकों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं रायपुर समेत प्रदेश के कई दूसरे हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

शुक्रवार के बाद बारिश की रफ्तार हो सकती है धीमी

मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं। इसी वजह से अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। हालांकि शुक्रवार से मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ने का अनुमान है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम हो सकती है।अभी तक हुई अच्छी बारिश के कारण मानसून की कमी काफी हद तक पूरी हो चुकी है। यदि आने वाले दिनों में कुछ और बारिश होती है तो प्रदेश सामान्य वर्षा के आंकड़े को छू सकता है।

रायपुर में बादल और बौछारों का दौर संभव

राजधानी रायपुर में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक वाली बौछारें भी पड़ सकती हैं।प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी स्थानीय मौसम परिस्थितियों के अनुसार बारिश हो सकती है। गरज-चमक और तेज बारिश के दौरान मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!