कांकेर। चारामा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बाबूकोहका के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक दुर्घटना का शिकार हो गई। नारायणपुर से रायपुर जा रही स्कॉर्पियो का रास्ते में टायर फट गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सड़क से नीचे पुल के पास स्थित नाले में जा गिरी।हादसे के दौरान वाहन में दो महिलाओं समेत पांच लोग सवार थे। गाड़ी नाले में गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ लोगों को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

पानी ने थामी गाड़ी की रफ्तार, बची यात्रियों की जान

बताया जा रहा है कि जिस नाले में स्कॉर्पियो गिरी, उसमें पानी मौजूद था। पानी के कारण वाहन की गति कम हो गई, जिससे हादसा ज्यादा गंभीर होने से बच गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से राहत का काम शुरू किया गया। बाद में ट्रैक्टर की सहायता से स्कॉर्पियो को नाले से बाहर निकाला गया। हादसे की तस्वीरों में दुर्घटना की गंभीरता साफ नजर आ रही है।

मौके पर जुटी लोगों की भीड़

स्कॉर्पियो के नाले में गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। यात्रियों को वाहन से बाहर निकालने के बाद राहत की सांस ली गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा रही।

रायपुर में भी सड़क हादसे ने ली महिला की जान

इधर, रायपुर में भी बुधवार सुबह एक गंभीर सड़क दुर्घटना सामने आई। उरला थाना क्षेत्र के महाकालेश्वर रोड स्थित मेटल पार्क रोड पर पीछे से आ रहे ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!