मध्य प्रदेश : कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम संदेश जारी कर संगठन की आगामी दिशा को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट की हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए लगातार जनता के बीच रहना जरूरी है। केवल चुनाव के समय सक्रिय होने के बजाय संगठन को पूरे साल लोगों की समस्याओं और संघर्षों के साथ खड़ा दिखाई देना चाहिए।चौधरी ने कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याएं सुनने, उनके सवालों को सामने लाने और जरूरत के समय उनके संघर्ष में सहभागी बनने की अपील की।

गांव से बूथ तक पहुंचाने होंगे जनहित के मुद्दे

हरीश चौधरी ने बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं, युवाओं के भविष्य, सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों जैसे विषयों को संगठन की गतिविधियों के केंद्र में रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे जनता के मुद्दे संसद में उठा रहे हैं, लेकिन इन सवालों को प्रदेश के स्तर पर भी मजबूती से आगे ले जाना जरूरी है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को गांव, पंचायत, वार्ड, मंडल और बूथ स्तर तक लेकर जाएं। स्थानीय समस्याओं को पहचानकर उन्हें संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाने पर जोर दिया गया है।

बड़े नेताओं से ज्यादा अहम है जमीन पर खड़ा कार्यकर्ता

चौधरी ने कहा कि कांग्रेस की वास्तविक ताकत केवल बड़े नेताओं में नहीं है। पार्टी की मजबूती उस कार्यकर्ता से आती है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी जनता के साथ खड़ा रहता है।उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने और लोगों को यह भरोसा दिलाने की अपील की कि उनके अधिकार, सम्मान और न्याय की लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ है।

संगठन को आंदोलन और जनसंवाद का माध्यम बनाने की कोशिश

हरीश चौधरी के संदेश में संगठन की सक्रियता और जनता से सीधे संवाद को खास महत्व दिया गया है। उनका कहना है कि बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाकर ही पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सकता है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय नेतृत्व के मुद्दों को प्रदेश की जनभावनाओं से जोड़ने और मध्य प्रदेश के हर गांव तथा हर बूथ तक संगठन की पहुंच मजबूत करने का आह्वान किया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!