
ICC Ranking: आईसीसी ने 26 अगस्त 2026 को ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की, जिसमें गेंदबाजों की सूची में बड़ा बदलाव देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ते हुए पहली बार टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है। स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 10 विकेट लेकर इस उपलब्धि की नींव रखी।स्टार्क के खाते में 872 रेटिंग अंक हैं और वह बुमराह से 10 अंक आगे हैं। इससे बुमराह दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। न्यूजीलैंड के मैट हेनरी तीसरे पायदान पर हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ स्टार्क का तूफानी प्रदर्शन
स्टार्क ने मैके में खेले गए दूसरे टेस्ट में पहली पारी में 6 विकेट और दूसरी पारी में 4 विकेट लेकर मैच में कुल 10 विकेट हासिल किए। ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला पारी और 51 रन से अपने नाम किया। स्टार्क को मैच के साथ-साथ सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया।यह उपलब्धि स्टार्क के करियर के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि 36 वर्षीय तेज गेंदबाज इससे पहले टेस्ट रैंकिंग में अधिकतम दूसरे स्थान तक ही पहुंचे थे। अब 15 साल के टेस्ट करियर में पहली बार उन्होंने शीर्ष स्थान पर कब्जा किया है।
बुमराह की गैरमौजूदगी का भी पड़ा असर
जसप्रीत बुमराह लंबे समय तक टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर रहे हैं। आईसीसी के अनुसार उन्होंने कुल 697 दिन नंबर-1 गेंदबाज के रूप में बिताए हैं, जो किसी भारतीय गेंदबाज के लिए सबसे ज्यादा है।हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ भारत की मौजूदा टेस्ट सीरीज में बुमराह हिस्सा नहीं ले रहे हैं। आईसीसी ने बताया था कि वह घुटने की समस्या के कारण इस सीरीज से बाहर हुए थे। उनकी गैरमौजूदगी और स्टार्क के शानदार प्रदर्शन ने रैंकिंग का समीकरण बदल दिया।
टॉप-10 में भारत से बुमराह के अलावा नए चेहरे की एंट्री
ताजा रैंकिंग में बुमराह शीर्ष 10 में शामिल इकलौते भारतीय तेज गेंदबाज हैं। हालांकि भारतीय गेंदबाजी में कुछ और बदलाव भी हुए हैं। मैनव सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद 28 स्थान की छलांग लगाकर करियर की सर्वश्रेष्ठ 48वीं रैंकिंग हासिल की है।वहीं, मोहम्मद सिराज की रैंकिंग में गिरावट आई है और वह 18वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
बल्लेबाजी में पंत ने भी लगाई लंबी छलांग
टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के हैरी ब्रूक शीर्ष पर बने हुए हैं और जो रूट दूसरे स्थान पर हैं। भारत के ऋषभ पंत को छह स्थान का फायदा हुआ है और वह सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में उनकी तेज अर्धशतकीय पारी ने इस उछाल में अहम भूमिका निभाई।भारत के केएल राहुल भी पांच स्थान ऊपर चढ़कर 30वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं टेस्ट ऑलराउंडरों की सूची में रविंद्र जडेजा अब भी नंबर-1 पर कायम हैं।




















