
बिलासपुर: बिलासपुर के उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने 23 अगस्त 2026 को तखतपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, बीट प्रणाली और अपराध नियंत्रण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। कार्यप्रणाली में लापरवाही और लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र (लाइन) से संबद्ध करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण में सामने आया कि तखतपुर थाना क्षेत्र के 79 गांवों में से 14 गांव ऐसे हैं, जहां मारपीट, अवैध शराब और जमीन विवाद से जुड़े मामले अधिक सामने आते हैं। इन गांवों को संवेदनशील मानते हुए एसएसपी ने पुलिस को विशेष निगरानी रखने और बीट प्रणाली को और मजबूत करने के निर्देश दिए।एसएसपी ने अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के साथ आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर की कार्रवाई करने को कहा। बाउंड का उल्लंघन करने वालों से नियमानुसार राशि जब्त करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने शराब के अवैध कारोबार से जुड़ी महिलाओं को वैकल्पिक रोजगार से जोड़ने पर भी जोर दिया। इसके लिए उन्हें सरकारी योजनाओं और महिला स्व-सहायता समूहों से जोड़ने की पहल करने के निर्देश दिए गए। वहीं, संगठित अपराध में शामिल तत्वों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित 19 शिकायतों और चरित्र सत्यापन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कोटा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) नूपुर उपाध्याय भी मौजूद रहीं। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



















