
अंबिकापुर: होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज में प्राचार्य डॉ. शांता जोसेफ की अध्यक्षता में ‘सर्वधर्म समभाव प्रार्थना’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में सभी धर्मों के प्रति सम्मान, आपसी सद्भाव, प्रेम, शांति और मानवीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न धर्मों के पवित्र ग्रंथों से पाठ प्रस्तुत किए। इसके साथ ही सभी धर्मों के भजनों का सामूहिक गायन किया गया।महाविद्यालय परिवार ने विश्व शांति, समाज की सुख-समृद्धि और सभी के मंगल की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की।
इस अवसर पर मिलाद-उल-नबी के महत्व पर वाणिज्य संकाय की छात्राओं ने प्रकाश डाला। उन्होंने पैगंबर हजरत मोहम्मद के जीवन एवं उनके द्वारा दिए गए प्रेम, करुणा, भाईचारे और मानवता के संदेश को रेखांकित किया।कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. मंजू टोप्पो, डॉ. दिव्या गुलाब एवं कविता एक्का ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को धार्मिक विविधता में एकता, परस्पर सम्मान और सद्भाव जैसे मूल्यों से जोड़ा गया। इससे नए शैक्षणिक सत्र के लिए सकारात्मक, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण का निर्माण हुआ।कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं की सक्रिय उपस्थिति रही।




















