
कोंडागांव: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर-कोंडागांव मार्ग पर रविवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले की गाड़ियों को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में मंत्री की कार और फॉलो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि फॉलो वाहन में सवार चार पुलिस जवान घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक वन मंत्री केदार कश्यप का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान जूनवानी इलाके के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और पीछे चल रहे फॉलो वाहन से भी स्कॉर्पियो जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फॉलो वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा टीम ने तत्काल स्थिति संभाली और घायल पुलिस जवानों को इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया।
हादसे के समय मंत्री केदार कश्यप भी अपने वाहन में मौजूद थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। वहीं घायल जवानों का कोंडागांव जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




















