
अंबिकापुर।डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा. पु. से.) के दिशा निर्देशन में साइबर अपराधों के प्रति युवाओं को जागरूक करने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत आज संत हरकेवल शिक्षा महाविद्यालय, अंबिकापुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री रितेश चौधरी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन से जुड़े विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि साइबर अपराधी किस प्रकार लोगों को विश्वास में लेकर ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाते हैं। विद्यार्थियों को OTP, UPI एवं QR Code फ्रॉड, फर्जी लिंक, साइबर ठगी, सोशल मीडिया अपराध, अनजान कॉल एवं संदेश तथा अन्य ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के संबंध में जानकारी देकर सतर्क रहने की अपील की गई।

उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। साइबर अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत करने और आवश्यक सहायता प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
वहीं महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज द्वारा साइबर जागृति अभियान के उद्देश्य एवं कार्यक्रम की रूपरेखा के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक एवं सतर्क रहने की समझाइश देते हुए स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संवादात्मक एवं प्रभावी बनाने के लिए छात्र-छात्राओं के साथ प्रश्नोत्तरी (Q/A) सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराध, ऑनलाइन सुरक्षा एवं डिजिटल माध्यमों से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज द्वारा सरल एवं संतोषजनक तरीके से उत्तर देते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक गंभीर साय, महिला आरक्षक सविता मरावी, लोरेटा एक्का एवं संगीता बड़ा सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय की ओर से प्राचार्य डॉ. अंजन सिंह, डॉ. पूजा दुबे, सुमन पाण्डेय, डॉ. रानी पाण्डेय, नीरू त्रिपाठी एवं चंदा सिंह सहित समस्त प्राध्यापक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर टीम से अतुल गुप्ता, अनमोल बारी, आर्यन पाण्डेय एवं राजकुमार उपस्थित रहे तथा विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने में सहयोग किया।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों की पहचान, उनसे बचाव तथा किसी भी साइबर घटना की स्थिति में समय पर उचित कदम उठाने के लिए जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर जागरूकता के संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।




















