
लखनपुर/ प्रिंस सोनी: प्रतीक्षा बस स्टैंड क्षेत्र में इन दिनों यातायात व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। बस स्टैंड के आसपास बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन और सड़क पर मवेशियों के जमावड़े के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। इससे यात्रियों, राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बस स्टैंड क्षेत्र में अनियमित पार्किंग के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा वाहनों से घिर जाता है। वहीं, सड़क पर मवेशियों के बैठे रहने से वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। व्यस्त समय में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा कई बार जाम जैसे हालात बन जाते हैं। इससे सड़क दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड जैसे व्यस्त क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निर्धारित पार्किंग व्यवस्था लागू करने की जरूरत है। साथ ही सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। आवारा मवेशियों को सड़क से हटाने के लिए भी नगर प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने की मांग की जा रही है।
लोगों ने संबंधित विभाग से प्रतीक्षा बस स्टैंड क्षेत्र में नियमित यातायात निगरानी कराने, वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा कराने और मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि यात्रियों और राहगीरों को सुचारु आवागमन की सुविधा मिल सके।




















